पोषण पुनर्वास केंद्र से स्वस्थ लौटे बच्चों को मिला वाश किट, आंगनबाड़ी केंद्र पर हुई बच्चों की जांच माताओं से संवाद

IMG 20261126 WA0009
IMG 20261126 WA0009

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कुपोषण उन्मूलन की दिशा में सार्थक पहल, बाल विकास विभाग अदाणी फाउंडेशन की सुपोषण टीम का संयुक्त क्षेत्रीय भ्रमण

सोनभद्र। समेकित बाल विकास सेवा विभाग, सोनभद्र के साथ आपसी समन्वय और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी (रॉबर्ट्सगंज विकास खंड) अनुराग कुमार त्रिपाठी तथा अदाणी फाउंडेशन की ‘सुपोषण टीम’ द्वारा एक संयुक्त क्षेत्रीय भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संचालित हो रहे सुपोषण कार्यक्रम के अंतर्गत पोषण और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करना तथा लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना था।
भ्रमण की शुरुआत में अधिकारियों और सुपोषण टीम ने एक ऐसे परिवार से मुलाकात की, जिसके दो अति गंभीर कुपोषित बच्चे हाल ही में पोषण पुनर्वास केंद्र से सफलतापूर्वक उपचार प्राप्त कर स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और निरंतर स्वच्छता को बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों बच्चों को स्वच्छता सामग्री- वाश किट प्रदान किया गया। साथ ही, परिवार के सदस्यों को बच्चों के खान-पान, नियमित देखभाल और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, ताकि बच्चे पुनः कुपोषण का शिकार न हों।
इसके पश्चात जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं सुपोषण टीम ने सलखन ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले भटवा टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहाँ उपस्थित बच्चों का शारीरिक मापन यानी वजन और लंबाई की जांच की गई, जिससे उनके वर्तमान पोषण स्तर की सही स्थिति का आकलन किया जा सके। इसी दौरान केंद्र पर अंतिम तिमाही की गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के साथ एक विशेष समूह चर्चा का भी आयोजन किया गया। इस संवाद में माताओं को शिशु जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान की शुरुआत करने के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ और नवजात शिशु के समुचित पोषण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां विस्तार से दी गईं।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने सुपोषण संगिनी कुसुम राय से उनके जमीनी कार्य अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की और उनके द्वारा संधारित किए जा रहे निगरानी रजिस्टरों व अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। ग्रामीण स्तर पर कुपोषण को दूर करने और समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कुसुम राय द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों की जिला कार्यक्रम अधिकारी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन किया।
अदाणी फाउंडेशन की ‘सुपोषण परियोजना’ जिला प्रशासन और बाल विकास विभाग के साथ मिलकर क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण स्तर में स्थायी सुधार लाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1569
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?