करमा में तालाबों पर अर्ध-सघन मत्स्य पालन चोपन में बीज वितरण का लिया जायजा, किसानों से किया संवाद
सोनभद्र। यूपी डास्प एग्रीज परियोजना के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में संचालित परियोजना गतिविधियों का मुख्यालय से आईं सोशल सेफगार्ड विशेषज्ञ डॉ. रचना सरकार एवं डिजिटल डेवलपमेंट विशेषज्ञ राजश्री सिंह द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड करमा के ग्राम पगिया में हिफाजत हुसैन एवं तसलीम रिजवान के तालाबों पर संचालित अर्ध-सघन मत्स्य पालन गतिविधियों का अवलोकन किया गया। इस दौरान मत्स्य पालकों से संवाद कर परियोजना के माध्यम से मिल रहे तकनीकी सहयोग, उत्पादन एवं आय वृद्धि से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।
इसके अतिरिक्त विकासखंड चोपन में परियोजना के अंतर्गत किसानों को वितरित किए जा रहे कृषि बीजों एवं वितरण प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया गया। विशेषज्ञों द्वारा बीज की गुणवत्ता का जायजा लिया गया तथा उपस्थित किसानों से संवाद कर गुणवत्तापूर्ण बीज के उपयोग, उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने और फसल उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. संजय पाण्डेय, वरिष्ठ प्रबंधक कृषि हरद्वारी लाल, उप प्रबंधक मत्स्य पाटेश्वरी प्रसाद वर्मा, विनोद सिंह, राजेश कुमार, विपुल कुमार, कादिर खान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
परियोजना का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की उत्पादकता, आय एवं आजीविका के स्तर में सुधार करना है।









