किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन, विजिलेंस टीम की मनमानी रोकने निष्पक्ष जांच की मांग
सोनभद्र। गुरुवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधि मण्डल मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुँच कर बिजली विभाग की विजिलेंस टीम द्वारा जनपद के किसानों के उत्पीड़न करने के विषय पर अपर जिलाधिकारी से निष्पक्ष जाँच कराकर दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही कर दण्डित करने का आग्रह किया।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि विजिलेंस टीम की मनमानी नहीं रुकी तो आने वाले समय में पूरी विजिलेंस टीम का घेराव किया जायेगा। जनपद में जहां सत्ताधारी लोगों के द्वारा बिजली चोरी बड़े पैमाने पर की जा रही है वहां विजिलेंस के लोग मौन हो जाते हैं।
आज जनपद में जब सरकार के असहयोग करने के बावजूद भी अन्नदाताओं के द्वारा स्वयं के संघर्ष से फसलों का उत्पादन किसी तरह किया जा रहा है ऐसे में उनके मोनोब्लॉक व समरसेबल पम्प काटकर ले जाना यह उत्पीड़न की कार्यवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
श्री मिश्रा ने कहा कि इस तरह के भ्रष्टाचार की जाँच तत्काल कराकर ऐसी कार्यवाही पर रोक लगायी जाय।
आज के कार्यक्रम में आकाश चौहान, हर्षित तिवारी, विक्की पटेल, राजकुमार मौर्य, दिनेश चेरो, विजय चौहान, अरविन्द चौहान, धीरज कनौजिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









