रोजगार सेवकों के आंदोलन को प्रधान संगठन का समर्थन
म्योरपुर / सोनभद्र। ग्राम रोजगार सेवकों के आंदोलन को अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने समर्थन दिया है। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ने म्योरपुर ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधानों और प्रशासकों को पत्र जारी कर आंदोलन में सहयोग की अपील की है।
पत्र में कहा गया है कि रोजगार सेवकों को समय से मानदेय न मिलने और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में रोजगार सेवकों की अहम भूमिका है। उनके सहयोग के बिना योजनाओं का संचालन और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधान संगठन ने सभी प्रधानों से आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने के साथ आंदोलन समाप्त होने तक मनरेगा सहित संबंधित योजनाओं का संचालन बंद रखने की अपील की है।
इस दौरान रोजगार सेवक ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, ज्ञानदास, अजय कुमार, श्यामनारायण, प्रदीप कुमार, ग्राम प्रधान रामप्यारे सिंह और रवि कुमार आदि मौजूद रहे।










