भव्य महाआरती और भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण, हजारों श्रद्धालुओं ने की सहभागिता
सोनभद्र। बेलन नदी के पावन तट पर अहेई पूरब पट्टी (शिवाला गांव) में विराजमान लगभग 450 वर्ष प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस दिव्य दीपोत्सव में क्षेत्र के अधिकाधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 5100 दीपों का प्रज्वलन किया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर एवं बेलन तट अलौकिक आभा से जगमगा उठा। भगवान सिद्धेश्वर महादेव के विशेष श्रृंगार, भव्य महाआरती और सुमधुर भजनों की गूंज ने समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समस्त भक्त मंडल के अमूल्य सहयोग से संपन्न हुए इस गरिमामयी आयोजन में प्रबंधन की व्यवस्था शिवदत्त तिवारी एवं ललित पाठक ने संभाली, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद त्रिपाठी एवं दिलीप चौबे द्वारा किया गया।
आयोजन के संयोजक के रूप में जितेन्द्र त्रिपाठी, शिवपूजन त्रिपाठी, अरुण तिवारी, कपिलकान्त पाठक एवं हेमन्त त्रिपाठी की विशेष भूमिका रही, वहीं प्रसाद व्यवस्था का कुशल निर्वहन जितेन्द्र मौर्या, हीरालाल, बिन्दु मौर्या एवं बबल यादव ने किया।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग रविप्रकाश चौबे, शीतला प्रसाद आचार्य एवं अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे। अंत में सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।









