अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर विशेष महत्व, 6 दिसंबर तक चलेगा देशव्यापी अभियान : दिवाकर
सोनभद्र। विश्व हिंदू परिषद के त्रैवार्षिक हित चिंतक अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय सोनभद्र के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में वरिष्ठ संघ कार्यकर्ता व पूर्व विधायक तीरथ राज की अध्यक्षता व मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ विहिप कार्यकर्ता शीतला सिंह की मौजूदगी में सोमवार को हुआ।
मुख्य वक्ता के रूप में पधारे विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री दिवाकर जी ने कहा कि विहिप का यह 15 दिवसीय देशव्यापी अभियान 6 दिसंबर तक चलेगा। इस अवसर पर तीन बार विधायक रहे तीरथ राज व उनके पूरे परिवार को हितचिंतक बनाकर प्रत्येक से 20 रुपये लेकर संगठन का हित चिंतक बनाया गया। इस अवसर पर जिले में पहले ही दिन सैकड़ों लोगों को हिंदू हित चिंतक बनाकर शुभारंभ किया गया।
जिला अध्यक्ष विद्याशंकर पाण्डेय ने कहा कि इस वर्ष पूज्य अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी के अवसर पर होने वाला यह अभियान एक विशेष महत्व रखता है। समाज में सामाजिक समरसता बढ़ाना, सभी वर्गों को एक साथ जोड़ना और विशेष रूप से युवाओं को संगठन के विचारों एवं कार्यों से परिचित कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। राष्ट्रीय एकता और भारत को समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ अभियान को जिले के हर कोने-कोने में आगे बढ़ाया जाएगा। पहली बार इस अभियान में एक विशिष्ट एप के द्वारा ऑनलाइन डिजिटल पेमेंट सिस्टम तथा एसएमएस द्वारा राशि प्राप्ति की रसीद की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 वर्ष से ऊपर के सभी जनपदवासी विहिप के हितचिंतक बन सकते हैं। इस बार का लक्ष्य जनपद से हजारों हितचिंतकों को जोड़ने का है।
मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने हिंदुत्व पुरोधा की भूमिका निभाते हुए पूर्वजों के सैकड़ों वर्ष के संघर्ष को राम जन्म भूमि आंदोलन के जरिए विजय पर्व तक पहुंचाने का सूत्रपात किया और आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। इसके साथ ही सदियों का कलंक मिटा।
मुख्य वक्ता दिवाकर ने कहा कि अशोक सिंघल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर यह हितचिंतक अभियान प्रारंभ हो रहा है। अशोक सिंघल के जीवन, संघर्ष और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनके योगदान का स्मरण करते हुए उनके विचारों को आत्मसात कर जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज को संगठित करने का आह्वान किया गया। अशोक सिंघल ने संघ के प्रत्यक्ष कार्य में 25 वर्षों तक प्रचारक के रूप में समाज और राष्ट्र की सेवा की। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनके नेतृत्व और संगठनात्मक कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वर्ष 1984 से शुरू हुए आंदोलन ने व्यापक सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। श्रद्धेय अशोक सिंघल गोरक्षा, सेवा, गांव-गांव में एकल विद्यालय प्रारंभ कराए, मालवीय मिशन जैसे विभिन्न कार्यों को खड़ा किए। देश में धर्म संसद की परंपरा उन्होंने प्रारंभ किया, विश्व वेद सम्मेलन के माध्यम से वेद के प्रचार-प्रसार के लिए भी उन्होंने कार्य किया, राम सेतु की रक्षा लिए उन्होंने बहुत ही व्यापक स्तर पर आंदोलन चलाया। श्रद्धेय अशोक सिंघल का व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व त्रिवेणी संगम की तरह था। संगठन, संघर्ष और समन्वय का त्रिवेणी संगम की तरह था। उनका जीवन त्याग, तपस्या और समर्पण का त्रिवेणी संगम था। रामजन्म भूमि आंदोलन को उन्होंने इतनी ऊंचाई पर पहुंचा दिया। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण उनके दीर्घकालिक तपस्या का परिणाम है। उसके निर्माण से उनके स्वप्न साकार हुआ।
श्रद्धेय अशोक सिंघल ने परिवारों में संस्कारों के विकास और कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने पर जोर दिया। अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक सोच देने की जरूरत है। समाज में सकारात्मक बदलाव से ही राष्ट्र मजबूत होगा। अशोक सिंघल ने हिंदू समाज को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन सिखाता है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से ही सफलता मिलती है। कार्यकर्ता किसी भी संगठन की मजबूत नींव होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने किया और इस मौके पर विभाग संगठन मंत्री नरेंद्र, विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन, संत रामधनी दास, प्रखंड अध्यक्ष कोन संतोष कुमार, प्रखंड अध्यक्ष सदर श्रवण तिवारी, जिला संयोजक बजरंग दल गौरव, चोपन प्रखंड अध्यक्ष अजय, सोनू मोदनवाल, वीरेंद्र तिवारी, नीरज सिंह, सोनभद्र नगर अध्यक्ष नागेंद्र राय मौजूद रहे।









