अमित मिश्रा
ऋतिक सिंह, डिम्पल सिंह और विक्की तिवारी की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र, काशी के आचार्यों द्वारा होगी भव्य देव आरती
सोनभद्र। देव दीपावली के पावन अवसर पर जनपद के सभी नदी और सरोवरों के घाट जगमग होंगे तो वही ओबरा में युवा जागरण मंच की ओर से भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में 21 हजार दीपों से पूरा परिसर रोशन होगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक विक्की तिवारी, भोजपुरी गायिका डिम्पल सिंह तथा भोजपुरी गायक एवं अभिनेता ऋतिक सिंह अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य संरक्षक पं. दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज (अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक एवं पूर्व आरएसएस प्रचारक) के नेतृत्व में किया जाएगा। यह आयोजन स्थल आरती चित्र मंदिर ग्राउंड, सेक्टर-8 ओबरा निर्धारित किया गया है।

आयोजन के तहत सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक विभिन्न तैयारियां एवं गतिविधियां आयोजित होंगी। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता होगी। इसके बाद दीप उत्सव के अंतर्गत दीप और बाती से पूरे प्रांगण को 21 हजार दीपों से सजाया जाएगा। शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।
शाम 6:30 बजे दीप प्रज्वलन के साथ काशी से पधारे आचार्यों द्वारा भव्य देव आरती की जाएगी। इसके बाद शाम 7:15 बजे से 8 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान अतिथियों का सम्मान भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शोणभद्र के सुपरस्टार ऋतिक सिंह, भोजपुरी गायिका डिम्पल सिंह और सुप्रसिद्ध भजन गायक विक्की तिवारी की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यह भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का अनूठा संगम बनेगा।
उक्त जानकारी कार्यक्रम संयोजक नीरज भाटिया ने दिया।









