नवीन कुमार
O- सोनभद्र में निःशुल्क नेत्र शिविर में 173 की जांच, मोतियाबिंद के मरीजों का वाराणसी में होगा ऑपरेशन
कोन (सोनभद्र)। देश में आज भी मोतियाबिंद अंधेपन का सबसे बड़ा कारण है। नेशनल प्रोग्राम फॉर कंट्रोल ऑफ ब्लाइंडनेस के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में होने वाले कुल अंधेपन के 60 फीसदी से ज्यादा मामलों की वजह सिर्फ मोतियाबिंद है, जिसका इलाज एक छोटे से ऑपरेशन से संभव है। फिर भी आर्थिक तंगी और जागरूकता की कमी के चलते लाखों गरीब ग्रामीण सालों-साल अंधेरे में जीने को मजबूर हैं।
इसी अंधेरे को दूर करने की एक छोटी सी कोशिश उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के एक छोटे से गांव नौडीहा में देखने को मिली, जहां सोमवार को लगे एक निःशुल्क नेत्र शिविर ने 28 लोगों की जिंदगी में रोशनी लौटाने का रास्ता खोल दिया।
एक दिन का शिविर, 28 जिंदगियों में उजाला
जनपद के कोन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नौडीहा स्थित मानमती देवी माध्यमिक विद्यालय परिसर में यह शिविर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा की पहल पर वाराणसी के आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम के सहयोग से लगाया गया।
शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की लंबी कतार लगी रही। बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिकित्सकीय टीम ने कुल 173 लोगों की आंखों की बारीकी से जांच की। जांच में 28 मरीज ऐसे पाए गए, जिनकी आंखों में मोतियाबिंद पक चुका था और जिन्हें तुरंत ऑपरेशन की जरूरत थी।
वाराणसी में होगा आधुनिक लेंस प्रत्यारोपण
आयोजकों के अनुसार, इन सभी 28 मरीजों को वाराणसी स्थित अस्पताल ले जाकर आधुनिक लेंस प्रत्यारोपण विधि से ऑपरेशन कराया जाएगा। इस विधि में खराब हो चुके प्राकृतिक लेंस को हटाकर कृत्रिम लेंस लगाया जाता है, जिससे मरीज को कुछ ही दिनों में साफ दिखाई देने लगता है।
खास बात यह है कि इस पूरे इलाज का खर्च मरीजों को नहीं उठाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा, “ग्रामीण इलाकों में कई गरीब परिवार पैसे की कमी के चलते आंखों का इलाज नहीं करा पाते। जब तक बीमारी बढ़ नहीं जाती, तब तक वो डॉक्टर के पास जाते ही नहीं। हमारा मकसद है कि जरूरतमंद को समय रहते इलाज मिले, ताकि कोई सिर्फ गरीबी की वजह से अंधा न हो जाए।”
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों को नेत्र स्वास्थ्य, समय पर जांच और मोतियाबिंद के शुरुआती लक्षणों को लेकर भी जागरूक किया।
शिविर में सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, विधानसभा अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल, प्रदीप कौनौजिया, अशोक निराला, रामसकल, मुकेश यादव और बाबूलाल यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।









