घर-घर हो रहा सत्यापन, नए मतदाता जुड़ रहे, मृतक व डुप्लीकेट नाम हटाए जा रहे
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासन के निर्देश पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) गांव-गांव और घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं।
अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृतक, स्थानांतरित व डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम, पता, उम्र में त्रुटि होने पर सुधार का कार्य किया जा रहा है। विकासखंड म्योरपुर के रासपहरी के प्राथमिक विद्यालय में अभियान चलाया जा रहा है।
18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरवाया जा रहा है, ताकि वे आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। वहीं जिन महिला का विवाह अन्य जगह हो गया है उनका फार्म-7 भरकर नाम हटाया जा रहा है। यही नहीं प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर संशोधन भी किया जा रहा है।
बीएलओ सुनील कुमार ने बताया कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए सभी बीएलओ को समय-सीमा के अंदर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वाले बीएलओ पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि वे बीएलओ को सही जानकारी देकर अभियान में सहयोग करें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है या उसमें कोई गलती है तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर सुधार करा सकता है। इस अभियान में रासपहरी के बीएलओ सुनील कुमार, ज्ञानदास, दयाशंकर, लेखपाल अमरजीत रहे।









