लाइव साइंस एक्सपेरिमेंट से बच्चों में जगा रहे वैज्ञानिक सोच, अंधविश्वास के खिलाफ चला रहे जागरूकता अभियान
म्योरपुर (सोनभद्र)। प्रतिभा, संघर्ष और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता की नई इबारत लिख रहे दुद्धी के जलज गुप्ता आज विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। कभी अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए घर-घर जाकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने वाले जलज आज सोशल मीडिया के साथ ही दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के ‘क्रिएटर कॉर्नर’ तक पहुंच गए हैं। भौतिक विज्ञान में परास्नातक (एमएससी) जलज का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और समाज से अंधविश्वास को दूर करना है।
जलज के पिता सिलाई का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद माता-पिता ने उनकी पढ़ाई जारी रखने में पूरा सहयोग किया। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद जलज ने परिवार पर आर्थिक बोझ डालने के बजाय अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया। ट्यूशन से मिलने वाली रकम से कॉलेज की फीस जमा की और भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान तथा गणित की पढ़ाई जारी रखी।
वर्ष 2020 में जलज ने डिजिटल माध्यम से विज्ञान पढ़ाने की शुरुआत की। उनकी पढ़ाने की शैली दूसरे शिक्षकों से अलग है। वे किताबी ज्ञान और रटने की बजाय लाइव साइंस एक्सपेरिमेंट के जरिए बच्चों को विज्ञान के कठिन सिद्धांत सरल तरीके से समझाते हैं। प्रयोगों को अपने हाथों से करके दिखाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और समझ विकसित हो सके। इसी दौरान उन्होंने अंधविश्वास के खिलाफ भी जागरूकता अभियान शुरू किया।
विज्ञान को कक्षा और मोबाइल स्क्रीन से बाहर गांवों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जलज ने वर्ष 2025 में ‘भारतीय वैज्ञानिक सोच यात्रा’ की शुरुआत की। इसके तहत वे विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को निश्शुल्क विज्ञान सेमिनार देते हैं। अब तक 25 स्कूलों में प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान की बारीकियां समझा चुके हैं। वर्ष 2025 में औरैया के जिलाधिकारी के आमंत्रण पर उन्होंने वहां भी लाइव विज्ञान प्रयोग और अंधविश्वास से बचने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। उनके प्रयासों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें सम्मानित किया।
जलज अपने विज्ञान संबंधी वीडियो में संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी साझा करते थे। इसी के माध्यम से दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के अधिकारियों की नजर उनके प्रयोगात्मक वीडियो पर पड़ी और उनसे संपर्क किया गया। उनके काम से प्रभावित होकर दूरदर्शन ने उन्हें ‘क्रिएटर कॉर्नर’ मंच पर अवसर दिया। इसके बाद उनके विज्ञान प्रयोगों से जुड़े वीडियो का प्रसारण दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। क्रिएटर कॉर्नर पर वीडियो प्रसारित होने को लेकर घर वालों और दोस्तों ने हर्ष व्यक्त किया है और बधाई दी है।
सोशल मीडिया पर लाखों दर्शकों तक पहुंच
वर्तमान में जलज गुप्ता के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाखों लोग जुड़े हैं। उनके यूट्यूब चैनल ‘फिजिक्स पुजारी’ पर करीब 1.10 लाख सब्सक्राइबर, इंस्टाग्राम पर 1.34 लाख और फेसबुक पर करीब 1.15 लाख फॉलोअर हैं। डिजिटल माध्यम से वे लगातार विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने के साथ समाज में वैज्ञानिक चेतना और तार्किक सोच विकसित करने का संदेश दे रहे हैं। आर्थिक संघर्ष से शुरू हुआ उनका सफर आज राष्ट्रीय मंच तक पहुंचकर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है।









