ख्यात लेखिका को 51 हजार का चेक, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सोनभद्र। विश्व कन्या महाविद्यालय रॉबर्ट्सगंज में बुधवार को माँ शारदा शिक्षा एवं सेवा ट्रस्ट रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र द्वारा स्व0 ठाकुर प्रसाद सिंह की 102वीं जयंती समारोह बहुत ही धूम-धाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का प्रारम्भ मुख्य अतिथि आरती मिश्रा, IFS एवं सारस्वत अतिथि मनीषा कुलश्रेष्ठ, प्रो0 सदानन्द शाही, मुख्य ट्रस्टी डॉ0 अजय कुमार सिंह तथा महाविद्यालय की प्राचार्या द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात पूर्व में आयोजित हुई बैठक जिसके चयन समिति में श्रीनिवास सिंह, संपादक सरस्वती पत्रिका, डॉ0 ओ0 पी0 सिंह, JNU दिल्ली, हिन्दी विभाग, डॉ0 हेमन्त शर्मा, संपादक दीर्घा 9, डॉ0 उमेश प्रसाद सिंह, तिलक उच्व शिक्षा संस्थान सारंगढ़, दुर्ग और डॉ0 अजय कुमार सिंह द्वारा चयनित समकालीन हिंदी कथा साहित्य की एक महत्वपूर्ण रचनाकार व सुपरिचित उपन्यासकार मनीषा कुलश्रेष्ठ को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र व रुपये 51 हजार का चेक मुख्य ट्रस्टी डॉ0 अजय कुमार सिंह व महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ0 अंजली विक्रम सिंह द्वारा चतुर्थ ठाकुर प्रसाद सिंह स्मृति साहित्य सम्मान प्रदान कर किया गया।
मुख्य अतिथि आरती मिश्रा, IFS ने मनीषा कुलश्रेष्ठ के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनीषा कुलश्रेष्ठ की लेखनी और साहित्यिक विशेषता कहानी और उपन्यास इनकी प्रमुख विधाएं हैं। इन्होंने समकालीन समाज, स्त्री जीवन और बदलते संबंधों को कथा का विषय बनाया। इनकी पृष्ठभूमि में राजस्थान का लोक सांस्कृतिक परिवेश और हिंदी साहित्य की व्यापक परम्परा दिखाई देती है।
मुख्य वक्ता प्रो0 सदानन्द शाही ने कहा कि मनीषा कुलश्रेष्ठ ने समकालीन हिंदी कथा-साहित्य में नए विषयों और संवेदनाओं का विस्तार और स्त्री जीवन को एकांगी दृष्टि से नहीं, बल्कि बहुआयामी अनुभवों के रूप में प्रस्तुत किया। सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक प्रश्नों को साहित्यिक अभिव्यक्ति देकर अनुवाद और संपादन के माध्यम से हिंदी के साहित्यिक संसार को व्यापक बनाया।
डॉ0 उमेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इनके समाज और व्यक्ति के अनुभवों को केंद्र में रखकर कहानी संग्रह में ‘कपुतलियाँ, गब्बर गाथा, दोनी होती परछाई’ नामक प्रमुख कहानी संग्रह भी किया। डॉ0 नरेन्द्र नाथ मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मनीषा कुलश्रेष्ठ कहानी संग्रह के साथ-साथ उपन्यास भी लिखा है। इनके प्रमुख उपन्यासों में ‘शिगाफ, पंचनामा, मलिका’ प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ0 अंजली विक्रम सिंह ने ठाकुर प्रसाद सिंह के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ठाकुर प्रसाद अद्भुत प्रतिभा के धनी थे। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर का हो, इसी शुभकामना के साथ आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन भोलानाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ0 वी0एन0 सिंह, डॉ0 कैलाश नाथ, विवेक जालान, बृजेश सिंह, अभयराज सिंह, विनीता केशरी, डॉ0 गीता सरस्वती, डॉ0 मालती शुक्ला, डॉ0 अलगेन्द्र संबल, डॉ0 अनुग्रह सिंह, अनोप, मनीष, पंकज, अखिलेश कुमार व समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।









