आईएएसओडब्ल्यूए के कार्यक्रम में छाए जनपद सोनभद्र के उत्पाद,’सोन अर्थ’ गिफ्ट हैंपर वरिष्ठ अधिकारियों को किए भेंट

IMG 20261024 WA0006
IMG 20261024 WA0006

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी व डीजीपी समेत अधिकारियों ने सराहा

सोनभद्र। सोनभद्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी पत्नी संघ (आईएएसओडब्ल्यूए) के कार्यक्रम में सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों से तैयार आकर्षक गिफ्ट हैंपर वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किए गए।
लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा (अध्यक्ष, आकांक्षा समिति) के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों के गिफ्ट हैंपर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार तथा एनआरएलएम के निदेशक अरुण कुमार को भेंट किए।
इस दौरान आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को सोनभद्र के उत्पादों की ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जनपद के स्थानीय, पारंपरिक और प्राकृतिक उत्पादों को विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए ‘सोन अर्थ’ ब्रांड विकसित किया जा रहा है।
इस ब्रांड के माध्यम से विभिन्न उत्पादों को एक साझा पहचान के साथ बाजार में प्रस्तुत करने की योजना है। उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर ध्यान दिया जा रहा है। ब्रांड के लोगो की लॉन्चिंग की तैयारी भी की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ व सीडीओ जागृति अवस्थी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर, मेहनत और उत्कृष्ट हस्तशिल्प को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित कर ‘सोन अर्थ’ सोनभद्र जनपद को नई पहचान दिलाएगा।
‘सोन अर्थ’ बनाएगा आर्थिक समृद्ध – जिला प्रशासन ‘सोन अर्थ’ ब्रांड के नाम से उत्पादों की ब्रांडिंग कर रहा है। इसके तहत उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग और नए कलेवर में तैयार किया जा रहा है। सभी चयनित उत्पादों की नए स्वरूप में जल्द लॉन्चिंग, साथ ही ‘सोन अर्थ’ ब्रांड का लोगो और प्रोमो भी शीघ्र लॉन्च किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आमदनी में वृद्धि होगी।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1552
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?