खैराही में ग्राम स्वराज्य सभा, जैविक खेती और नशा मुक्ति का दिया संदेश
म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैराही स्थित ग्राम निर्माण केंद्र परिसर में रविवार को क्षेत्रीय ग्राम स्वराज्य सभा और पंचायत महोत्सव का आयोजन किया गया। शुभारंभ क्षेत्रीय अध्यक्ष शीतल सिंह गोंड, राम विचार गौतम और ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अशोक ने पंचायत को मजबूत करने में ग्रामीणों की भूमिका और संवैधानिक अधिकारों पर बात रखी। राम विचार गौतम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के साथ विंध्य एक्सप्रेस-वे और कल-कारखानों से दक्षिणांचल व सिंगरौली क्षेत्र में हो रही पर्यावरण क्षति पर चर्चा की। निरेंद्र प्रताप सिंह गोंड ने कोयला-राखड़ प्रदूषण, एनजीटी आदेश और बनवासी सेवा आश्रम के प्रेम भाई व रागिनी बहन के जीवन पर प्रकाश डाला।
शुभा बहन ने ग्राम सभा, विधानसभा, लोकसभा में अंतर, इस वर्ष ग्राम पंचायत चुनाव में संभावित अंतराल और पर्यावरण जनहित याचिका के बारे में बताया। शिवशरण ने जैविक खेती, किचन गार्डन, बाजारवाद से दूर रहने और नशा न करने का आह्वान किया।
अध्यक्षता शीतल और संचालन अशोक कुमार ने किया। इस मौके पर प्रीतम सिंह, प्रेमदयाल, शिवनारायण, प्रशांत दुबे, चरण सिंह, बुद्धन मुंशी, रामवृक्ष, हीरामती सहित कई लोग मौजूद रहे।









