म्योरपुर (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास शनिवार देर रात करीब 12:15 बजे मक्के का बीज लदा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गया। चालक का पैर स्टेयरिंग में फंस गया और वह केबिन में कैद हो गया। करीब चार घंटे चले रेस्क्यू के बाद उसे निकाला जा सका।
चालक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी जितेंद्र सिंह (48) पुत्र राघव सिंह के रूप में हुई। ट्रक छत्तीसगढ़ से बीज लादकर दिल्ली जा रहा था। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ पहुंचे। पहले जेसीबी से निकालने का प्रयास किया गया, सफलता न मिलने पर गैस कटर से केबिन काटा गया। इस दौरान ट्रक में आग लग गई, जिसे पानी डालकर बुझाया गया।
सीएचसी म्योरपुर में डॉ. धर्मराज मौर्य ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नींद की झपकी से हादसे की आशंका जताई जा रही है।









