चंदौली जिले के नौगढ़ में पूर्व में हुई नक्सली गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना नौगढ़ पुलिस और क्यूआरटी टीम ने अमदहा व भरदुवा गांव के आसपास के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में वृहद कांबिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुर्गम क्षेत्रों, जंगलों, पगडंडियों और संभावित छिपने वाले स्थानों की सघन तलाशी ली। पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही गांवों में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
कांबिंग के बाद पुलिस टीम ने अमदहा और भरदुवा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद किया। पुलिस ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव और आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण है। किसी भी प्रकार की नक्सली गतिविधि या संदिग्ध आवाजाही की जानकारी नहीं होने की बात कही।

इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए भी जागरूक किया। ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, फर्जी बैंक कॉल और केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने तथा अनजान लिंक और ऐप पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई। डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया ठगी और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने की जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति को पनाह न दें और जंगल अथवा गांव के आसपास संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया।
अभियान में थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार सहित थाना पुलिस और क्यूआरटी टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कांबिंग, पेट्रोलिंग, जनसंवाद और साइबर जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।









