म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के रेणुका नदी किनारे और जंगलों के बीच बसे आदिवासी बाहुल्य गांव बेलहथी में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में 45 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान दो लोगों की मलेरिया रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। वहीं बुखार से पीड़ित चार लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया। जांच टीम में शामिल अभिषेक कुमार ने बताया कि गांव में ज्यादातर लोग मौसमी बीमारी की चपेट में हैं और कई ग्रामीण बुखार से पीड़ित मिले हैं। मलेरिया के दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और ग्रामीणों को बीमारी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के लिए रात में नियमित रूप से मच्छरदानी का प्रयोग करने, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और साफ-सफाई रखने की सलाह दी। साथ ही कहा कि लगातार बुखार, ठंड लगने, सिरदर्द, बदन दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। शिविर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव, डॉ. विकास, खुशबू सहित स्वास्थ्य विभाग और आईसीएमआर की टीम के सदस्य मौजूद रहे।









