चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के झुमरिया गांव में मंगलवार को सर्पदंश से 44 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सोमवार को गीता को सांप ने काट लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए वाराणसी लेकर गए। वहां उपचार के बाद परिजन उसे वापस गांव लेकर लौट आए। घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही समाजसेवी एवं अमदहां पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि जिलाजीत सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
समाजसेवी जिलाजीत सिंह यादव ने बताया कि सर्पदंश से मौत होने पर सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अनुदान की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।









