म्योरपुर (सोनभद्र)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर, गुजरात से कर्मस्थली वाराणसी के लिए निकली बाइक यात्रा सोमवार को म्योरपुर पहुंची। संकल्प सेवा यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए। अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री) ने गुजरात से आए कार्यकर्ताओं का एक-एक कर माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कस्बा स्थित पंचायत भवन पहुंची सेवा संकल्प यात्रा का ब्लॉक प्रमुख (प्रशासक) मानसिंह गोंड ने भी स्वागत किया। यात्रा में 46 युवा शामिल थे और उनके साथ एक बस और एक एंबुलेंस भी थी। गुजरात से रवाना हुई यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सोनभद्र के म्योरपुर पहुंची।
मौके पर खंड विकास अधिकारी रामविशाल चौरसिया, एडीओ पंचायत अजय सिंह, मंडल अध्यक्ष रणजीत पनिका, गणेश जायसवाल, मोहरलाल खरवार, कमलेश मिश्रा, होरीलाल पासवान समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









