सोनभद्र। सोमवार को टीबी कंट्रोल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के समस्त कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में काला फीता बांधकर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
संगठन के निर्णयानुसार ऑनलाइन कार्यों का निष्पादन नहीं किया जा रहा है, जबकि आवश्यक सेवाएं और मरीजों से संबंधित कार्य नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि इस आंदोलन से किसी भी मरीज की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित नहीं हो रही हैं। कर्मचारियों द्वारा मरीज हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सेवाएं पूर्ववत प्रदान की जा रही हैं।
विज्ञप्ति मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश मिश्रा के समक्ष उपस्थित होकर ज्ञापन के रूप में दी गई। इस अवसर पर सुशील द्विवेदी, शावेज़ अहमद, सतीश चंद्र सोनकर, अभिमन्यु प्रसाद दुबे, शैलेंद्र सिंह एवं विमल कुमार सिंह उपस्थित रहे।
संगठन की प्रमुख मांगें:- विगत 10 वर्षों से लंबित वेतन पुनरीक्षण/वेतन निरीक्षण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जाए- वरिष्ठता के आधार पर अतिरिक्त लॉयल्टी लाभ प्रदान किए जाएं- कर्मचारियों के लिए लैपटॉप एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए- 30 लाख रुपये के टर्म इंश्योरेंस से संबंधित लंबित दावों का तत्काल निस्तारण किया जाए- जनपदों में रिक्त पदों को अविलंब भरा जाए, जिससे कार्य का अनावश्यक दबाव कम हो सके और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो- कर्मचारियों को उनकी सेवा परिस्थितियों के अनुरूप अन्य आवश्यक सुविधाएं एवं कल्याणकारी लाभ प्रदान किए जाएं,टीबी कंट्रोल इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश ने शासन एवं संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनका शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष समाप्त हो तथा स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।









