चोपन, सोनभद्र। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) चोपन नगर इकाई का पुनर्गठन किया गया। नवीन नगर कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए यज्ञनारायण को नगर अध्यक्ष और रमेश साहनी को नगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया। साथ ही नगर कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों की भी घोषणा की गई। पुनर्गठन कार्यक्रम में प्रवासी कार्यकर्ता एवं प्रांत मंत्री शिवम सिंह, क्षेत्रीय संयोजक अनमोल सोनी, विभाग संयोजक अमन जायसवाल, जिला संयोजक राहुल जालान, तहसील संयोजक विश्वजीत साहनी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रांत सह संयोजक (पाठशाला) अभय, राज, कस्तूभ, देवी, कशिश एवं प्रतिभा की भी उपस्थिति रही।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष, नगर मंत्री एवं नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं में निहित है और नवीन कार्यकारिणी छात्रहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित के विषयों को लेकर सक्रियता से कार्य करेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों को नगर के प्रत्येक शैक्षणिक परिसर एवं विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि अभाविप सदैव विद्यार्थियों की समस्याओं एवं शैक्षणिक विषयों को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करने के लिए कार्य करती रही है। चोपन नगर की नवीन कार्यकारिणी भी इसी दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी। नवीन कार्यकारिणी के गठन के साथ कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत व प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।









