अमित मिश्रा
प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों एवं सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी : प्रभारी मंत्री
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिन विभागों एवं अधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका समय से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समय पर निर्माण कार्य पूरा किया जाय। उक्त निर्देश जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
प्रभारी मंत्री ने जनपद में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला कार्यक्रम विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर कराया जाए सत्यापन
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि गांवों में जल जीवन मिशन के माध्यम से हो रही पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन एवं जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का पता चल सके और ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित हो।
विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का समय-समय पर आवश्यक निरीक्षण किया जाए। विद्यालयों में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अवगत कराया कि जनपद के कुछ प्राथमिक विद्यालयों में विद्यालय भवन, कक्ष आदि से संबंधित आवश्यक कार्यों के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के माध्यम से कार्य कराए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंदों तक पहुंचाएं : समाज कल्याण राज्य मंत्री
बैठक के दौरान प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पात्र लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जहां भी कोई कमी सामने आए, उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संपादित करने तथा अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रभारी मंत्री के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें अधिकारी : जिलाधिकारी
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध रूप से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








