चंदौली जिले में नौगढ़ तहसील क्षेत्र के सेमरा कुसही गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने खराब सड़क और बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की कच्ची सड़क बरसात के दिनों में कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है। वहीं बीमार और बुजुर्गों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। आवागमन की समस्या के चलते कई परिवार गांव से बाहर किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सामुदायिक शौचालय का निर्माण तो कराया गया है, लेकिन वह अब तक चालू नहीं हो सका है। शौचालय का गड्ढा भी खुला पड़ा है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने केयरटेकर सरोज कुमारी पर आरोप लगाया कि वह महीने में एक बार गांव आकर फोटो खींच लेती हैं और कागजों में काम पूरा दिखाया जाता है।

मामले में बीडीओ राकेश सिंह ने जांच कराने का भरोसा दिया है। वहीं ग्राम प्रधान गुरु प्रसाद ने सड़क की समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।
प्रदर्शन में रिशु, दशी देवी, संतरा, पारसनाथ, बंधु, सत्यानंद, रीटा, गीता, सुबह, शुभम और राजू समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।






