ट्रांसफार्मर नहीं बदला, एक माह से अंधेरे में लोढ़ी कोलान बस्ती

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, एक दिन में फिर खराब हो गया बनाया गया ट्रांसफार्मर; बिजली के साथ पेयजल संकट भी गहराया

सोनभद्र। सदर विकासखंड के लोढ़ी कोलान बस्ती के ग्रामीण पिछले एक माह से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद लगातार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया। बिजली ठप होने से बस्ती में पेयजल संकट भी गहरा गया है। परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।ग्राम प्रधान हरिदास ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई बार शिकायत की गई। इसके बाद कर्मचारी बस्ती में पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर बनाने के नाम पर उनसे रुपये भी लिए गए। कर्मचारी ट्रांसफार्मर बनाकर चले गए, लेकिन एक दिन बाद ही वह फिर खराब हो गया। तब से आज तक बिजली बहाल नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह से बिजली न होने से दैनिक जीवन प्रभावित है। पेयजल की सबसे बड़ी समस्या है। बिजली के अभाव में पानी की व्यवस्था ठप है, जिससे महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर जाना पड़ रहा है। रात में पूरी बस्ती अंधेरे में डूबी रहती है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब मरम्मत के बाद ट्रांसफार्मर दोबारा खराब हो चुका है तो नया ट्रांसफार्मर क्यों नहीं लगाया जा रहा। ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल करने और देरी की जांच की मांग की। प्रदर्शन में हरिकेश, गीता, पन्ना, पार्वती, बुद्धन, चमेली, फूलझारी, प्रभावती, जगवन्ति, किसमती, पूनम और शिवानी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?