साईं नर्सिंग कॉलेज में रक्षाबंधन पर दिया नशामुक्ति श्रेष्ठ गुण अपनाने का संदेश
सोनभद्र। ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से लगातार पांचवें दिन साईं हॉस्पिटल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभागार में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, डी फार्मा तथा इमरजेंसी एंड ट्रामा केयर डिप्लोमा के 320 विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए ब्रह्माकुमारी बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवाकेंद्र की मुख्य संचालिका बी.के. सुमन दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से मुक्त कर श्रेष्ठ गुणों को धारण करने का संकल्प लेने का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या, तनाव जैसी कमजोरियों का त्याग कर प्रेम, शांति, पवित्रता, अनुशासन और करुणा जैसे गुण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सबसे बड़ा उपहार – बुराई छोड़ने का संकल्प बी.के. सुमन दीदी ने कहा कि वे रक्षाबंधन पर कोई उपहार स्वीकार नहीं करतीं। उनके लिए सबसे बड़ा उपहार यही है कि भाई-बहन अपने जीवन की किसी एक कमी, कमजोरी या नशे को छोड़ने का संकल्प लें। इस उद्देश्य से सभी से संकल्प पत्र भरवाए गए।
नशामुक्त भारत का दिया संदेश कार्यक्रम में नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों, परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। कहा गया कि युवा शक्ति नशामुक्त होकर आगे बढ़े तो स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल डी.एल. सुहासिनी, फार्मेसी HOD विनय कुमार पाण्डेय, नर्सिंग HOD कुसुम, रागिनी श्रीवास्तव, इंद्रजीत, वसुंधरा, मनोज कुमार, आदर्श सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके सीता, बीके सरोज, कविता, दीपशिखा और गायत्री बहन ने सहयोग दिया। कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. अनुपमा सिंह ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त किया।






