अमित मिश्रा
अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित स्थलीय निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर परखा जा रहा शैक्षणिक स्तर
बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील ग्रहण कर अधिकारी स्वयं जांच रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं स्वच्छता
प्रत्येक अधिकारी को हर सप्ताह न्यूनतम 5 विद्यालयों के निरीक्षण एवं कमियों के त्वरित सुधार के निर्देश
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के माध्यम से विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए कमियों को समयबद्ध रूप से दूर कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी कक्षाओं में पहुंच कर बच्चों से सीधे संवाद कर उनके पठन-पाठन, उपस्थिति एवं सीखने के स्तर का आकलन कर रहे हैं। बच्चों से पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति भी परखी जा रही है।
मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी बच्चों के साथ बैठकर स्वयं भोजन ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुपालन का प्रत्यक्ष सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, विद्युत, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक अधिकारी को हर सप्ताह न्यूनतम 5 विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा निरीक्षण में पाई गई कमियों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां चिन्हित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर विद्यालय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। बच्चों के भविष्य से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की नियमित और प्रभावी निगरानी प्रशासन की प्राथमिकता है।






