दुकानदारों में सैकड़ों कपड़े के बैग वितरित, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
अनपरा, सोनभद्र । हिंडाल्को रेनुसागर द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘प्लास्टिक फ्री जुलाई’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कॉलोनी परिसर के दुकानदारों के बीच सैकड़ों कपड़े के बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन और हेड एच.आर. आशीष पांडेय के दिशा-निर्देशन में पर्यावरण विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
पर्यावरण विभाग के प्रभारी कमलेश मौर्य ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्लास्टिक प्रदूषण पृथ्वी, जल स्रोतों, वन्यजीवों एवं मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। हिंडाल्को कार्पोरेट द्वारा निर्देशित ‘प्लास्टिक फ्री जुलाई’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को कम करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर पर्यावरण अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने दुकानदारों से अपील की कि वे प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग बंद कर ग्राहकों को कपड़े के बैग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित दुकानदारों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के बैग के उपयोग का संकल्प लिया। कंपनी ने कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनाथ यादव, शोभित कुमार, शेषनाथ पाठक, भोला यादव, सुनील सिंह, शशि चौबे का सराहनीय सहयोग रहा।






