साइकिल से चारधाम-पंचकेदार यात्रा पर निकले शिवभक्तों का सोनभद्र में भव्य स्वागत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

“हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंजा चुर्क मोड़, नपा अध्यक्ष ने यात्रियों को फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित

सोनभद्र । पश्चिम बंगाल के कुंजबिहार से 16 जून को साइकिल द्वारा चारधाम एवं पंचकेदार यात्रा पर निकले चार शिवभक्तों का बुधवार को चुर्क मोड़ पर भव्य स्वागत किया गया।
श्यामल बर्मन, सुजन बर्मन, अभिजीत बर्मन और कृष्णकांत बर्मन हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए अपनी धार्मिक यात्रा पर अग्रसर हैं। श्रद्धा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकला यह दल देश के विभिन्न राज्यों से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है।
यात्रियों के सोनभद्र पहुंचने पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद और उरमौरा सभासद अनवर अली ने उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों ने यात्रियों को फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि साइकिल के माध्यम से इतनी लंबी धार्मिक यात्रा करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह केवल आस्था की यात्रा नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से यात्रियों की यह यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण हो तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करे।
सम्मान से अभिभूत यात्रियों ने स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सनातन संस्कृति, शिव भक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?