नौगढ़ के सरकारी स्कूल में लाखों की चोरी, ताला काटकर वारदात, सोलर इन्वर्टर व चार बैटरियां उड़ा ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बजरडीहा में रविवार रात चोरों ने सुनियोजित ढंग से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश विद्यालय के कार्यालय का ताला काटकर करीब 3 केवी क्षमता का सोलर इन्वर्टर और उससे जुड़ी चार बैटरियां चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक शशि प्रकाश यादव ने बताया कि शनिवार को शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद सभी शिक्षक विद्यालय बंद कर अपने-अपने घर चले गए थे। रविवार रात किसी समय अज्ञात चोर विद्यालय परिसर में घुस आए। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने विद्यालय में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर कार्यालय का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सोलर इन्वर्टर तथा चारों बैटरियां गायब थीं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर अपने साथ लोहे काटने वाले औजार लेकर आए थे। उन्होंने पहले कार्यालय का ताला काटा और फिर कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सोलर सिस्टम से जुड़ा इन्वर्टर और बैटरियां निकालकर फरार हो गए। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे यह चोरी पूरी तरह योजनाबद्ध प्रतीत हो रही है।

चोरी के कारण विद्यालय की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि सोलर सिस्टम विद्यालय की दैनिक विद्युत आवश्यकताओं का प्रमुख स्रोत था। इसके चोरी हो जाने से विद्यालय के नियमित कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक ने चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार को लिखित सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सरकारी विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा विद्यालय परिसरों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1554
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?