आंधी-तूफान में गिरा 100 साल पुराना पीपल का पेड़, युवक गंभीर घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- एक घंटे तक नहीं पहुंची एम्बुलेंस, ग्रामीणों में आक्रोश

बभनी (सोनभद्र)। अमवार चौकी क्षेत्र के गोहड़ा गांव में तेज आंधी-तूफान के दौरान लगभग 100 वर्ष पुराना विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ की भारी शाखाओं को हटाया और काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को बाहर निकाला। घायल की पहचान नौशाद पुत्र मुन्ना खान निवासी गोहड़ा के रूप में हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई, लेकिन लगभग एक घंटे तक संपर्क नहीं हो सका और न ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

हादसे में केवल युवक ही घायल नहीं हुआ, बल्कि पेड़ गिरने से वहां बना सार्वजनिक प्रतीक्षालय भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय प्रतीक्षालय में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों ने बताया कि गिरा हुआ पीपल का पेड़ करीब 100 वर्ष पुराना था और वर्षों से गांव के प्रमुख स्थल के रूप में जाना जाता था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण, पुराने एवं जर्जर पेड़ों की जांच तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। एम्बुलेंस के समय पर न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि आपातकालीन सेवाएं समय पर उपलब्ध होतीं तो घायल को शीघ्र चिकित्सा सहायता मिल सकती थी। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?