CCTV में कैद हुई वारदात
सीओ ने बताया CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश जारी, परिजनों को समझाकर शांत किया गया
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर रविवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हादसा पन्नुगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज से करीब 100 मीटर दूर हुआ। जानकारी के अनुसार अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक राहुल सोनी निवासी रामगढ़ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद मृतक के परिजन पन्नुगंज थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाल कर अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है। फरार चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में हादसे को लेकर शोक की लहर है।






