जनगणना 2027: डिजिटल स्व-गणना के लिए ब्लॉक सभागार में सेमिनार आयोजित
सोनभद्र। जनगणना 2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना अभियान को लेकर रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक सभागार में जागरूकता एवं प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मोबाइल फोन से डिजिटल जनगणना फॉर्म भरकर किया गया। सेमिनार में ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाई कर्मियों और ब्लॉक कर्मचारियों को डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से जारी पोर्टल के माध्यम से लोग स्वयं भी अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी सत्यापन और ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई गई। सदर बीडीओ लालजी शुक्ला ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना अभियान का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जनगणना के नाम पर किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। मुख्य अतिथि प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। डिजिटल व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक आसान और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक होकर स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में लोगों को मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर अखिलेश प्रजापति, पार्थ राज सिंह, राधेश्याम यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और ग्रामीण मौजूद रहे।






