लोकेशन: गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्रगोरखपुर (उत्तरप्रदेश)। झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक नाबालिग किशोरी अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में करीब 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
गोरखपुर (उत्तरप्रदेश)। झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक नाबालिग किशोरी अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद में करीब 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
टंकी पर चढ़ी किशोरी जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रही थी कि अगर उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई गई, तो वह कूदकर अपनी जान दे देगी। परिजन और स्थानीय लोग काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी के 17 वर्षीय प्रेमी को भी मौके पर बुलवाया और उसे शांत करने के लिए शादी कराने का भरोसा दिया। यहां तक कि विश्वास दिलाने के लिए सिंदूर, माला और अन्य वैवाहिक सामग्री भी मंगवाई गई।
पुलिस की समझाइश और भरोसे के बाद किशोरी किसी तरह टंकी से नीचे उतरने को तैयार हुई। हालांकि नीचे आने के बाद जब पुलिस ने उसे समझाया कि उसकी उम्र अभी पढ़ाई की है और कम उम्र में शादी कानूनन अपराध है, तो वह फिर से टंकी की ओर भागने लगी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
इसके बाद किशोरी और उसके प्रेमी को थाने ले जाया गया, जहां दोनों को समझाया गया और फिर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों एक ही सरकारी स्कूल के छात्र-छात्रा हैं। लड़का 9वीं और लड़की 8वीं कक्षा में पढ़ती है। स्कूल आते-जाते दोनों की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
यह घटना एक ओर जहां किशोरावस्था में बढ़ते भावनात्मक दबाव को उजागर करती है, वहीं दूसरी ओर यह भी बताती है कि जागरूकता और मार्गदर्शन की कमी किस तरह ऐसे खतरनाक हालात पैदा कर सकती है।
नाबालिग उम्र में शादी कानूनन अपराध है और जीवन के लिए भी जोखिम भरा फैसला साबित हो सकता है।






