शक्तिनगर, सोनभद्र । महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर (दिन-रात) का शुभारंभ 11 मार्च 2026 को चिल्काडांड ग्राम स्थित पंचायत भवन में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान चिल्काडांड हीरालाल ने कहा कि जनजातीय बाहुल्य इस ग्राम में शिक्षा का अभाव और नशाखोरी एक गंभीर समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए जन जागरूकता एक आवश्यक उपाय है जो राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा सफलतापूर्वक किया जा सकता है। एनसीएल खड़िया सीएसआर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने कहा कि समाज को नशाखोरी से बचाना आज सबसे बड़ी चुनौती है जिसके समाधान में इस शिविर के स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के इस प्रयास में एनसीएल खड़िया सक्रिय योगदान देने को तैयार है। संस्था के प्रभारी डॉ० प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि आज समाज में जन जागरूकता की आवश्यकता है क्योंकि बहुसंख्यक लोग जानकारी के अभाव में मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक अपनी भूमिका निभाकर उन्हें जागरूक बना सकते हैं। शिविर के दूसरे सत्र में स्वयंसेवकों ने स्थानीय प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया जिसमें मुख्य रूप से एसआईआर में आने वाली दिक्कतों के समाधान पर चर्चा हुई। स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस गीत, गजल, भजन व अन्य लोकगीत प्रस्तुत किया। इस शिविर में इकाई प्रथम एवं तृतीय के 50-50 कुल 100 स्वयं सेवक भाग ले रहे हैं। शिविर में डॉ० मनोज कुमार गौतम, डॉ० मनिंदर कुमार डिसूजा, रविकांत कुशवाहा, अमित कुमार सिंह, ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस दौरान दिव्या कुमारी, खुशी वर्मा, काजल मेहता, अन्जना पूर्ति, प्रिया अग्रहरि, रोशनी चौधरी, पूजा यादव, रूबि खातून, प्रभा सोंधिया, ने अग्रणी भूमिका निभाई।






