घोरावल में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- वार्ड नंबर 7 में महिला पर प्राणघातक हमले का आरोप, कार्रवाई न होने से आक्रोश

घोरावल (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद अंतर्गत घोरावल कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भसुर (पति के बड़े भाई) ने भयव (देवरानी) पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पीड़िता गीता देवी के अनुसार, मंगलवार सुबह परिवार के कुछ सदस्य गली बंद करने को लेकर दरवाजे पर पहुंचे। विरोध करने पर विपक्षी पक्ष ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उनके देवर को भी कथित तौर पर पीटा गया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने संबंधित थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। इससे परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका भसुर खुलेआम धमकी दे रहा है कि वह “बड़ा नेता” है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पुलिस का पक्ष

मामले पर घोरावल क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि संबंधित प्रकरण में थाना प्रभारी को समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि आरोप सही हैं तो यह न केवल घरेलू हिंसा का मामला है, बल्कि कानून-व्यवस्था की संवेदनशीलता से भी जुड़ा विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला व्यापक जनआक्रोश का रूप ले सकता है।

अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं- क्या पीड़िता को न्याय मिलेगा?

Leave a Comment

1359
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?