सोनभद्र। उ०प्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की स्टेट कमेटी के आह्वान पर जनपद सोनभद्र के NHM संविदा कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में हो रहे विलंब के समाधान हेतु गुरुवार को जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन के नामित ज्ञापन सौंपा गया। एनएचएम संघ के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि एनएचएम कर्मचारियों के हकों की अनदेखी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कर्मचारियों के खातों में समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित न होने की स्थिति में आगे चरणबद्ध बृहद आंदोलन किया जाएगा। जिला महामंत्री नेहा केशरी ने सीएचओ के पी बी आई भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी अल्प वेतन भोगी हैं और प्रत्येक महीने सैलरी से उन्हें अपने मकान का किराया/मकान की किस्त, बच्चों की फीस, राशन, दूध इत्यादि को भरना होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर माह दिसंबर एवं जनवरी के वेतन भुगतान एवं होली पर्व के पूर्व माह फरवरी के वेतन भुगतान हेतु आश्वासन दिया है। इस अवसर पर आशीष चतुर्वेदी, आशीष चौबे, डॉक्टर नीरज मिश्रा, डीपीएम रिपुंजय श्रीवास्तव, राहुल कनौजिया, राकेश कनौजिया, प्रदीप सिंह, चरणजीत सिंह, ज्ञान प्रकाश, डॉक्टर रविंद्र, सर्वेश पांडे सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।






