गौ तस्करी पर करारा प्रहार, बजरंग दल व ग्रामीणों की सतर्कता से 9 मवेशी मुक्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विरेन्द्र कुमार

विण्ढमगंज (सोनभद्र)। जनपद के विण्ढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडिसेमर में शुक्रवार को गौ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से नौ गाय-बैलों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लिया और तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे ग्रामीणों को सूचना मिली कि महुली, जामपानी होते हुए मुडिसेमर की ओर मवेशियों की खेप ले जाई जा रही है। संदेह होते ही ग्रामीणों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर तत्काल रास्ता घेरकर मवेशियों को रोका और विण्ढमगंज थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुल नौ गाय-बैलों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए उन्हें संरक्षित स्थान पर भिजवाने की व्यवस्था की।

इस कार्रवाई में शामिल बजरंग दल के कार्यकर्ता कार्तिक चंद्रवंशी, संदीप गुप्ता और मनोज कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि संगठन कानून के दायरे में रहते हुए गौवंश की सुरक्षा के लिए आगे भी सतर्क और सक्रिय रहेगा। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रति भरोसा जताया।

थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस के अनुसार मौके से पकड़े गए गौ तस्कर की पहचान अनिल केवट पुत्र बैजनाथ केवट, निवासी खखड़ा सोनबरसा, थाना अमिलिया, जिला सिद्धि (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य वांछित तस्करों दिलकश अंसारी पुत्र शमीम अंसारी निवासी बैलाजखड़ा, डंडई (झारखंड) तथा जारत हुसैन पुत्र अजीम अमीन अंसारी निवासी खुटार, जिला सिद्धि सिंगरौली की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?