चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रिठिया मोड़ के पास मंगवार को करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की वजह बाइक सवार युवकों का नशे की हालत में होना बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नौगढ़ से रिठिया गांव की ओर जा रहे दो युवक शराब के नशे में बाइक चला रहे थे। घायलों की पहचान राहुल चौहान (17 वर्ष), पुत्र कमलेश चौहान और किशन चौहान (19 वर्ष), पुत्र विनोद चौहान, दोनों निवासी रिठिया गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि रिठिया मोड़ के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था, जिसका खलासी इमामुद्दीन (40 वर्ष), निवासी बहुअरा मधुपुर, जनपद सोनभद्र, ट्रक का टायर चेक कर रहा था।

नशे में धुत बाइक सवार युवकों ने नियंत्रण खो दिया और सीधे ट्रक खलासी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक खलासी समेत दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर चंद्र व स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया। तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







