O- जैन बंधुओं पर निशाना साधा
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) । संभल की शाही जामा मस्जिद को सरकारी भूमि पर बनी बताए जाने से समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन भड़क उठे। उन्होंने जैन बंधुओं, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल पर देश में अशांति फैलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
डॉ. हसन ने कहा, “ये जैन बंधु देश में अशांति फैला रहे हैं। संभल की मस्जिद सैकड़ों साल पुरानी है। डीएम ने इसे शाही संपत्ति बताकर स्टेट में विलय का हवाला दिया, लेकिन दिल्ली की जामा मस्जिद, मुरादाबाद की जामा मस्जिद, सोमनाथ मंदिर समेत देशभर में कई ऐसी इमारतें सरकारी भूमि पर बनी हैं। अगर ये गलत है तो कब तक मुसलमानों की दिलाजरी की जाएगी? सरकार को जागना चाहिए।”
नफरत फैलाने वालों पर शिकंजा कसे सरकार
पूर्व सांसद ने नफरत फैलाने वाले संगठनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जो लोग देश में नफरत फैला रहे हैं, चाहे जैन बंधु हों, वीएचपी हों या बजरंग दल, उनके ऊपर शिकंजा कसा जाए। अगर कोई मुस्लिम संगठन ऐसा करे तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।”
ओवैसी के बयान पर साधा निशाना
महाराष्ट्र से संभल जामा मस्जिद पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर डॉ. हसन ने तंज कसा। उन्होंने पूछा, “क्या देश ओवैसी साहब चला रहे हैं? कल उन्होंने जो कहा और आज डीएम ने सरकारी भूमि का हवाला दिया, इसका ओवैसी से क्या लेना-देना? लाल किला, ताजमहल, दिल्ली की जामा मस्जिद, सोमनाथ या बद्रीनाथ मंदिर जैसी पुरानी इमारतों का सबूत कौन दे सकता है? लगता है इनका रिमोट हिंदुस्तान के दुश्मनों के हाथ में है।”






