अमित मिश्रा
O- नशे में धुत युवकों पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप
सोनभद्र । जनपद के जिला अस्पताल लोढ़ी से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सीटी स्कैन विभाग में कार्यरत दो महिला कर्मचारियों के साथ देर रात जबरन कमरे में घुसकर मारपीट, अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित महिलाओं ने घटना की सूचना पुलिस और महिला हेल्पलाइन को देते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िताओं के अनुसार, 10 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे के बाद, वे अपने आवासीय कमरे में विश्राम कर रही थीं। इसी दौरान कुछ युवक गाली-गलौज करते हुए दरवाजा पीटने लगे। जब दरवाजा खोला गया तो सामने तीन युवक नशे की हालत में मौजूद थे, जिन्होंने स्वयं को अस्पताल प्रशासन से जुड़ा बताते हुए कागजात की मांग शुरू कर दी।
महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी की अनुपस्थिति का हवाला देकर सुबह बात करने की बात कही, तो युवक उग्र हो गए और जबरन कमरे में घुस आए। इसके बाद न केवल उनके साथ मारपीट की गई, बल्कि शारीरिक छेड़छाड़ का भी प्रयास किया गया। विरोध करने पर महिलाओं को धमकाते हुए बाहर से आई होने का हवाला देकर डराने की कोशिश की गई।
घटना के बाद पीड़िताओं ने तत्काल 1090 महिला हेल्पलाइन पर संपर्क किया और अपने विभागीय अधिकारियों को भी पूरे मामले की जानकारी दी। महिलाओं का कहना है कि इस घटना के बाद वे मानसिक रूप से आहत हैं और स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
सरकारी अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना सामने आने के बाद महिला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि यदि अस्पताल परिसर में ही महिला कर्मी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह प्रशासन के लिए गंभीर चेतावनी है।
जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।
फिलहाल पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है।
यह मामला एक आपराधिक घटना है, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।







