जुगैल क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


सोनभद्र। जुगैल क्षेत्र में वर्षों से व्याप्त बुनियादी समस्याओं को लेकर बुधवार को अपना दल (एस) शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल पांडेय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को नामित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए क्षेत्र की उपेक्षा पर गहरी नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जुगैल क्षेत्र आज भी सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। आदिवासी व बनवासी बहुल इस इलाके में रहने वाले गरीब ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक ले जाना पड़ता है, लेकिन खराब सड़कों और संसाधनों के अभाव में कई बार रास्ते में ही स्थिति बिगड़ जाती है।
राहुल पांडेय ने कहा कि जुगैल क्षेत्र प्रदेश का सबसे उपेक्षित इलाका बनता जा रहा है। मोबाइल नेटवर्क न होने से ग्रामीण सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और आपातकालीन सहायता से भी वंचित हैं। उन्होंने मांग की कि जुगैल क्षेत्र को मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कों का शीघ्र निर्माण कराया जाए, हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाए, स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना हो और संचार व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि क्षेत्र में सरकारी बस सेवा शुरू की जाए, बिजली आपूर्ति और विद्युतीकरण का विस्तार हो तथा शिक्षा के लिए विद्यालय और महाविद्यालय खोले जाएं। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में रामलाल, हीरामणि, हरिवंश, लल्लू राम, बाबूलाल, पप्पू, शिवलाल, लालता सिंह, बासदेव सिंह, रामचंद्र, रीता, राजकुमारी, फूलवंती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1547
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?