नवीन कुमार
स्कूली बच्चों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया खेलों में भागीदारी का संदेश
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। जनपद के सदर विधानसभा क्षेत्र में 25 दिसंबर से शुरू होने जा रहे विधायक खेल महाकुंभ के सफल आयोजन और अधिक से अधिक खिलाड़ियों के पंजीकरण को लेकर बुधवार को कोन बाजार में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा व पार्टी ध्वज लिए प्रतिभागियों ने खेलों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
रैली की अगुवाई भाजपा मंडल अध्यक्ष रामलाल चेरो ने की। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज कोन व सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोन के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली कोन पुरानी बाजार से शुरू होकर थाना, चाचीकला मोड़ व बस स्टैंड होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरी।
इस रैली के दौरान ब्लॉक प्रमुख कोन रूबी मिश्रा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में खेलों से दूरी बढ़ रही थी, लेकिन सदर विधायक भूपेश चौबे द्वारा आयोजित विधायक खेल महाकुंभ जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान करेगा। यह आयोजन खिलाड़ियों को जिला, प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर देगा।
वहीं कमलेश चौबे ने बताया कि खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इच्छुक खिलाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यालय, विद्यालयों अथवा ऑनलाइन माध्यम से निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान किया।
इस साथ ही बताया गया कि विधायक खेल महाकुंभ का आयोजन 25 दिसंबर से कोन स्थित हाईडियल मैदान में किया जाएगा, जिसमें जिले भर के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बंशीधर, सुशील चतुर्वेदी, विनोद कुमार, प्रभास पांडेय, वाचस्पति त्रिपाठी, वीरेंद्र राय सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। रैली के माध्यम से लोगों को खेल महाकुंभ में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।







