क्षतिग्रस्त पीसीसी सड़क बनी हादसों की वजह, ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O– गिट्टी में तब्दील हुई सड़क, आए दिन लोग हो रहे घायल
O– पैदल चलना भी हुआ मुश्किल, वाहन क्षतिग्रस्त

म्योरपुर (सोनभद्र)। विकासखंड म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैराही में सात वर्ष पूर्व बनाई गई पीसीसी सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सत्तार के घर से आरओ प्लांट तक का मार्ग गिट्टी में तब्दील हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की गिट्टी उखड़ जाने से दो पहिया वाहन बार-बार फिसलते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई ग्रामीण चोटिल हो चुके हैं और हाथ-पैर की हड्डियाँ टूटने तक की घटनाएँ सामने आई हैं।

सड़क ने ले ली खतरनाक शक्ल, हर कदम पर हादसे का डर

दो पहिया वाहन चालकों का कहना है कि उखड़ी गिट्टी के कारण टायर स्लिप हो जाते हैं, जिससे साइकिल और बाइक चालकों का नियंत्रण बिगड़ जाता है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने बताया कि किरवानी निवासी विजय भारती, जो रोजाना स्कूटी से इसी मार्ग से गुजरते हैं, कई बार फिसल चुके हैं और उनकी स्कूटी के कई पार्ट्स टूट चुके हैं। कई अन्य ग्रामीणों की बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।

96 वर्षीय वृद्धा भी परेशान – “कभी भी पैर फिसल सकता है”

खैराही की 96 वर्षीय सावित्री देवी ने बताया कि गिट्टी उखड़ने के कारण पैदल चलना भी बेहद मुश्किल हो गया है, पैर कभी भी फिसल सकता है और अस्पताल जाने की नौबत आ सकती है।

दो पंचायतों का आवागमन प्रभावित

इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन किरवानी और खैराही पंचायत के लोग करते हैं। चाहे पैदल हों या बाइक से, हर रोज दर्जनों ग्रामीण इसी रास्ते से गुजरते हैं, और सड़क की खराब हालत लोगों के लिए जोखिम का कारण बनी हुई है।

ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

सुनीता, अशोक, रामबरन गोंड़, मेराज, सूरज, अशफाक, लकेश्वर बैगा, विनोद, राजन, शिवप्रसाद, रामगति, आयुष, सावित्री देवी, प्रखर, अमेरिका सहित कई ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो यहाँ किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?