अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का जिला निर्वाचन अधिकारी ने भ्रमणशील रहकर नगर पालिका परिषद सोनभद्र के बूथ का औचक निरीक्षण कर गणना प्रपत्र भरने व भरे गये गणना प्रपत्रों की स्थिति का जायजा लिया और जल्द से जल्द अपने मतदेय स्थल के बीएलओ को गणना प्रपत्र भरते हुए हस्ताक्षरयुक्त उपलब्ध कराये।
जिला निर्वाचन अधिकारी बीएन सिंह ने आज भ्रमणशील रहकर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण,2026 अभियान के तहत सदर तहसील क्षेत्र के नगर पालिका परिषद सोनभद्र के बूथ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाताओं के नाम फीडिंग करने, गणना प्रपत्र का वितरण, बांटे गये गणना प्रपत्रों के एकत्रित करने की प्रगति की स्थिति का जायजा लिये।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में जनपद के प्रत्येक मतदाता को स्वयं से संबंधित गणना प्रपत्र को सही से भरकर हस्ताक्षर करने के बाद जल्द से जल्द अपने मतदेय स्थल के बीएलओ को उपलब्ध करा दें। गणना प्रपत्र भरने में आ रही कठिनाई के सम्बन्ध में सम्बन्धित बीएलओ से सम्पर्क कर जानकरी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद वर्ष 2003 में तैयार मतदाता सूची में अपना या अपने संबंधी का विवरण खोजने के लिए वेब पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाएं, Search Your Name in Last SIR पर क्लिक करें,Search by Elector Details VSc टैब पर जाएं और ऐसा कर अपने या अपने संबंधी की डिटेल्स आसानी से खोज सकते हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लेने एवं बीएलओ का सहयोग करने की अपील भी की।
जिलाधिकारी ने एसआईआर से जुड़े समस्त अधिकारी व कर्मचारी को निर्देशित किया है कि समस्त गावों के समस्त मजरों में और नगरीय क्षेत्रों में समस्त मोहल्लों, कॉलोनियों और बस्तियों में रहने वाले प्रत्येक मतदाता को गणना पत्र अवश्य उपलब्ध कराते हुए एक प्रति मतदाता के हस्ताक्षरयुक्त बीएलओ को वापस कर दिया जाये।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय सहित सम्बन्धित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।







