पाँच दिन की तलाश के बाद चमेरबांध में उतराया मिला युवक का शव, पुलिस ने लिया कब्जे में, परिजनों में मचा कोहराम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के चमेरबांध में पांच दिन पूर्व डूबे युवक का शव आखिरकार शनिवार की सुबह पानी की सतह पर उतराया मिला। लंबे इंतज़ार और अथक खोजबीन के बाद शव मिलने से जहां पुलिस और बचाव दलों ने राहत की सांस ली, वहीं मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा पूरा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार सुन्नाइत गांव निवासी 24 वर्षीय सुनील कोल पुत्र तिलकधारी सोमवार की शाम मछली पकड़ने के लिए चमेरबांध पहुंचा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों ने खोज शुरू की, लेकिन गहराई और कीचड़ के चलते सफलता नहीं मिल सकी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए चकरघट्टा पुलिस ने वाराणसी की एनडीआरएफ टीम और मुंबई की डायनासोर कंक्रीट डायवर्सन अंडरग्राउंड वॉटर प्राइवेट लिमिटेड के विशेष गोताखोरों की मदद ली। टीमें लगातार पांच दिनों तक बांध में खोज अभियान चलाती रहीं, लेकिन शुक्रवार तक शव का पता नहीं चल पाया था।

शनिवार की सुबह पुलिस निरीक्षण के लिए बांध परिसर पहुंची ही थी कि अचानक पानी की सतह पर एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखा गया तो वह सुनील ही था। शव मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गई। उसकी पत्नी आरती, छोटा बेटा सत्यम, मां चंद्रावती और भाई अनिल मौके पर मौजूद थे।

थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि सुनील मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव का था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?