स्मार्ट मीटर लगाने की मनमानी पर भड़के व्यापारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- मुख्य चौक पर धरना देकर जताया विरोध

सोनभद्र। जिले में बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को जिले के तीनों प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने संयुक्त रूप से मुख्य चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि विभाग मनमानी करते हुए जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

धरने में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने एकजुट होकर भाग लिया। व्यापारियों ने मांग की कि जब तक उपभोक्ता की सहमति न हो, तब तक किसी के यहां स्मार्ट मीटर न लगाया जाए।

प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल जैन ने कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि उपभोक्ता की अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएं, लेकिन बिजली विभाग इन निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक यूनिट दर्ज होने और बिल बढ़ने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि यह मीटर जनहित में नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ा रहा है। वहीं संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि विभाग दोहरे मानक अपना रहा है — आम उपभोक्ताओं के छोटे बकायों पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जबकि बड़े बकायेदारों और सरकारी विभागों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

व्यापारियों ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी हेल्पलाइन या पोर्टल से कई दिनों तक कोई समाधान नहीं मिलता। स्थानीय अधिकारी अक्सर “सर्वर समस्या” का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं।

व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया है। जिलाधिकारी के साथ वार्ता के बाद ही विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

धरना स्थल पर प्रमुख रूप से सत्यपाल जैन, विमल अग्रवाल, राजेश गुप्ता, कौशल शर्मा, नरेंद्र गर्ग, राजेश बंसल, प्रमोद गुप्ता, पवन जैन, आनंद जायसवाल, दीप सिंह पटेल, संदीप जैन, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी, गोल्डी सोखी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?