अमित मिश्रा
सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र में आयोजित ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। K.P. Reliable कंपनी द्वारा आयोजित इस ड्राइव में विद्युत अभियंत्रण शाखा के 21 विद्यार्थियों का चयन “क्वालिटी इंस्पेक्टर” पद पर किया गया।
इस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल संचालन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. अरविंद तिवारी और डॉ. भावना अरोरा के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं, डॉ. विजय प्रताप सिंह, डॉ. अभिनव गुप्ता और दीपक सिग्रोहा ने कार्यक्रम में समन्वयक की भूमिका निभाई।
कॉलेज के निदेशक प्रो. जी. एस. तोमर ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और उद्योगों से सशक्त जुड़ाव का प्रमाण है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और पेशेवर नैतिकता बनाए रखने का आह्वान किया।
कॉलेज प्रशासन ने भी सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सफलता से कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल है।







