चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश और नगवा बांध से छोड़े गए पानी के कारण कर्मनाशा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से चंदौली और सोनभद्र सीमा पर स्थित बकुलघट्टा छलका पूरी तरह डूब गया है। मुख्य सड़क जलमग्न होने से लगभग 25 गांवों का संपर्क टूट गया है, जिससे आवागमन ठप हो गया है।
सुरक्षित पुल या वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण इन गांवों के ग्रामीणों को अब 30 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ रही है। नौगढ़ से सोनभद्र की सीधी दूरी जो पहले 25 किलोमीटर थी, वह अब बढ़कर 50 किलोमीटर हो गई है।
इस जलभराव से बरबसपुर, लक्ष्मणपुर, केसार, कुबराडीह, शाहपुर, गहिला, सुखदेवपुर, जमसोत और पथरौर सहित दर्जनों गांव सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।
आवागमन बाधित होने से आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में कठिनाई हो रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि नगवा बांध से पानी का बहाव जारी रहा, तो विकास क्षेत्र की पांच अन्य मुख्य सड़कें भी पूरी तरह बंद हो सकती हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाएगी।







