नवीन कुमार
रामगढ़, कोन, कचनरवा और रोरवा में सजे पंडाल, संविधान की प्रस्तावना पढ़कर डॉ. आंबेडकर के योगदान को किया याद
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। कोन क्षेत्र में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस दौरान रामगढ़, कोन, कचनरवा और रोरवा समेत विभिन्न गांवों में पंडाल सजाकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है। इसी के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिला है। संविधान जाति, धर्म, भाषा और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करता है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस दौरान संविधान की प्रस्तावना पर चर्चा करते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों का एहसास कराने वाला मार्गदर्शक भी है। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संवैधानिक मूल्यों का पालन जरूरी है।
ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सामाजिक भेदभाव से दूर रहने और संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की गई। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।









