अमित मिश्रा
सोनभद्र। चोपन विकास खंड के मारकुंडी ग्रामसभा में शनिवार को नैनो उर्वरकों के प्रयोग पर आधारित एक विकासखंड स्तरीय किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र पांडेय रहे।
सभा का संचालन करते हुए इफको क्षेत्राधिकारी अभिजीत मौर्य ने किसानों को बताया कि दानेदार रासायनिक उर्वरक जैसे यूरिया और डीएपी की मात्रा को आधा करते हुए यदि नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी और तरल सागरिका का प्रयोग किया जाए, तो फसलों की उपज में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि 4 मिली प्रति लीटर पानी में मिलाकर इनका छिड़काव करने से फसल की गुणवत्ता बेहतर होगी और किसानों को बाजार में अच्छा मूल्य भी प्राप्त होगा। इससे खेती की लागत कम होगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में एसएफए अवनीश कुमार पांडेय ने इफको के जल विलेय उर्वरकों जैसे—19:19:19, 18:18:18, 0:52:34, 0:0:50 एवं सागरिका दानेदार व NPK कंसोर्टिया के उपयोग और लाभ पर विस्तार से जानकारी दी।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र पांडेय ने किसानों को नैनो उर्वरक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बड़े स्तर पर इनका प्रदर्शन कराया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसान जागरूक हों।
सभा में किसानों को बताया गया कि दानेदार उर्वरकों से मृदा प्रदूषण बढ़ता है, इसलिए खेतों की उर्वरता बचाने के लिए नैनो उर्वरकों को अपनाना समय की जरूरत है। किसानों से अपील की गई कि वे घर की तरह खेतों की भी सफाई और संरक्षण करें।
सभा में लगभग 45–50 किसान शामिल हुए। इस अवसर पर कुछ किसानों को कैलेंडर, जैव अपघटक और NPK कंसोर्टिया भेंट कर सम्मानित भी किया गया।







