अमित मिश्रा
गुरमा (सोनभद्र) । चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में बुधवार की शाम तेज मोड़ पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक तो बाल-बाल बच गया, लेकिन खलासी केबिन में बुरी तरह फंस गया और करीब दो घंटे तक घायल अवस्था में तड़पता रहा। बाद में स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद खलासी को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक वाराणसी से पलाई लादकर शक्तिनगर एनटीपीसी जा रहा था। चालक श्रवण कुमार (56 वर्ष), निवासी पिरखापुर, जिला भदोही ने बताया कि अचानक ट्रक के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। घाटी के घुमावदार मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने की वजह से वाहन पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक के खलासी को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही गुरमा पुलिस चौकी प्रभारी धर्म नारायण भार्गव मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मारकुंडी घाटी में आए दिन ट्रक पलटने की घटनाएं होती रहती हैं, जिसके चलते यहां आए दिन हादसों की पुनरावृत्ति हो रही है।







